आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां भले ही दिल्ली में इलाज करा रहे हों लेकिन उनके वकीलों की टीम कानूनी दांवपेच भिड़ा रही है। सुप्रीम कोर्ट में भी अर्जी लगी हुई है। बताया जा रहा है कि 30 मार्च को इस पर सुनवाई होनी है। लगातार दो गैरजमानती वारंट जारी होने के बाद भी मौलाना तौकीर रजा अभी तक कोर्ट में पेश नहीं हुए हैं।
उनकी पार्टी के प्रवक्ता और वकीलों के मुताबिक वह दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में सुधार है लेकिन अभी डॉक्टरों ने अस्पताल में रहकर ही इलाज कराने की सलाह दी है। बता दें कि हाईकोर्ट से खास राहत न मिलने की स्थिति में आईएमसी प्रमुख के वकीलों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी गई थी।
बरेली पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक 30 मार्च को वहां सुनवाई होनी है। इधर, एक अप्रैल को जिला जज की अदालत में गैरजमानती वारंट को लेकर सुनवाई प्रस्तावित है। सूत्र बताते हैं आईएमसी प्रमुख व उनके करीबियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने की उम्मीद है।
Global Express Live