Breaking News

मिर्जापुर में सहायक अध्यापक परीक्षा 17 जनवरी को, 17 केंद्रों पर दो पालियों में होगा आयोजन

मिर्जापुर जिले में सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी प्रारंभिक परीक्षा–2025 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

यह परीक्षा 17 जनवरी को जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली जाएगी और इसके बाद हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से दोबारा जांच की जाएगी, जिससे किसी भी तरह की अवैध सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने से रोका जा सके।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो पासपोर्ट साइज फोटो, वैध पहचान पत्र की मूल प्रति एवं उसकी छायाप्रति अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रवेश पत्र पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।

परीक्षा की निगरानी कंट्रोल रूम से लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में कैमरे इस तरह लगाए जाएंगे कि सभी अभ्यर्थी उनकी जद में रहें। किसी भी तकनीकी खामी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पारदर्शी और सुचारु ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

About GE-Live

Check Also

मैनपुरी के सुल्तानगंज में रामलीला का भूमि पूजन, किसानों और युवाओं के लिए लगेगी खास प्रदर्शनी

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के सुल्तानगंज कस्बे में प्राचीन रामलीला आयोजन की तैयारियां …