जौनपुर में एचडीएफसी बैंक द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत आवेदकों के साथ अनियमितता का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जेसीज चौराहा स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि योजना के तहत 56 आवेदन लंबित हैं।
शेखपुर कचहरी के आवेदक अमित सिंह ने जनसुनवाई में शिकायत की। उन्होंने बताया कि बैंक शाखा द्वारा प्रोसेसिंग फीस मांगी जा रही है। यह फीस सरकार की तरफ से नहीं लगाई जाती है। एक महीने तक बैंक में बुलाने के बाद भी उनका ऋण आवेदन निरस्त कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एचडीएफसी बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाही की जाएगी। जौनपुर इस योजना में प्रदेश में पहले स्थान पर है। अन्य बैंकों ने उत्कृष्ट कार्य किया है, लेकिन एचडीएफसी बैंक अपेक्षित प्रयास नहीं कर रहा है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजना है। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए ऋण सहायता देना है। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया है कि आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करें। लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Global Express Live