Breaking News

गत्ते पर सरिया रखकर स्लैब की ढलाई का आरोप, जांच में खामियां मिलीं; ठेकेदार पर बड़ी कार्रवाई

गोरखपुर के वार्ड नंबर 55 बंधु सिंह नगर में आरसीसी नाली निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायत और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान आरसीसी स्लैब की कास्टिंग में निर्धारित मानकों के अनुरूप सरिया नहीं मिलने और निर्माण की गुणवत्ता में कमी पाए जाने की बात सामने आई।

मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने खराब गुणवत्ता वाले स्लैब को मौके पर ही तुड़वा दिया। साथ ही संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।

निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने की शिकायत

बंधु सिंह नगर में दाउद के मकान से महफूज के मकान होते हुए बिक्की के मकान तक आरसीसी नाली और सीसी सड़क का निर्माण नगर निगम की निधि से कराया जा रहा है।

सोमवार को स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर नगर निगम की उपसभापति पूनम सिंह से शिकायत की। इसी दौरान निर्माण स्थल का वीडियो भी बनाया गया, जिसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

वीडियो में कथित तौर पर कागज के गत्ते पर सरिया रखकर आरसीसी स्लैब की ढलाई किए जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपसभापति ने नगर आयुक्त अजय जैन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम

शिकायत के बाद अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव के निर्देश पर अवर अभियंता दीपक शाह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर आरसीसी स्लैब की कास्टिंग में निर्धारित मानक के अनुसार सरिया नहीं पाया गया।

अधिकारी के निरीक्षण में निर्माण की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम की टीम ने खराब गुणवत्ता वाले स्लैब को मौके पर ही ध्वस्त करा दिया।

नगर निगम ने ठेकेदार को निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन करते हुए स्लैब का दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।

ठेकेदार की जमानत राशि जब्त, एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट

निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने के बाद नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव के मुताबिक, काम करने वाली फर्म मेसर्स कल्याणी कंस्ट्रक्शन की जमानत राशि जब्त कर ली गई है।

इसके अलावा फर्म को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खराब निर्माण को दोबारा कराया जाएगा

नगर निगम की कार्रवाई के बाद अब संबंधित हिस्से में स्लैब का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा कराया जाएगा। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

मामले में नगर निगम की ओर से की गई कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर निगरानी रखने की बात कही है।

About GE-Live

Check Also

पीलीभीत में पानी से भरे गड्ढे में समाधि लेने उतरे महंत, थानाध्यक्ष ने बचाई जान

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में शुक्रवार शाम एक आश्रम परिसर में उस समय …