Breaking News

4 करोड़ की लागत से मंधना में बनेगा मंडलीय साइंस पार्क: सौरमंडल, भूकंप सिम्युलेटर और न्यूटन कैडल जैसे मॉडल होंगे आकर्षण का केंद्र

मंधना के संविलियन विद्यालय प्रथम में मंडलीय साइंस पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। अधिकारियों ने तय स्थान का निरीक्षण किया और पार्क से जुड़ी शुरुआती तैयारियों का आकलन किया।

विज्ञान को किताबों से बाहर लाने की पहल

प्रशासन का उद्देश्य है कि उच्च प्राथमिक स्तर के छात्र विज्ञान को सिर्फ पाठ्यपुस्तक से नहीं, बल्कि वास्तविक मॉडलों और प्रयोगों के माध्यम से समझें। इसी सोच के साथ साइंस पार्क को इंटरएक्टिव और प्रयोग-आधारित रूप में विकसित किया जा रहा है।

पार्क में लगेंगे आसान और आकर्षक मॉडल

प्रस्तावित पार्क में सौरमंडल का लाइव प्रदर्शन, भूकंप सिम्युलेटर, न्यूटन का कैडल, मौसम केंद्र और ऊर्जा आधारित कई मॉडल लगाए जाएंगे। इनकी मदद से बच्चों को गति, प्रकाश, ऊर्जा, पर्यावरण, प्राकृतिक आपदाओं और अन्य वैज्ञानिक अवधारणाओं को आसान तरीके से समझने में मदद मिलेगी। करीब एक एकड़ में बनने वाले इस पार्क की अनुमानित लागत लगभग 4 करोड़ रुपये रखी गई है।

प्रयोगों के जरिए मिलेगी जरूरी जानकारी

पार्क में ट्रैफिक नियम, आपदा प्रबंधन और आत्मरक्षा से जुड़ी जानकारी भी विभिन्न प्रयोगों और प्रदर्शन मॉड्यूल्स के माध्यम से दी जाएगी। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत STEM आधारित शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आईआईटी देगा तकनीकी सहयोग

साइंस पार्क में 20–25 STEM आधारित प्रदर्शन शामिल किए जाएंगे। इसके लिए आईआईटी तथा लखनऊ स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र तकनीकी सहायता प्रदान करेंगे। साथ ही पार्क में विज्ञान क्लब, विज्ञान मेले और विभिन्न STEM गतिविधियों का आयोजन भी प्रस्तावित है, ताकि बच्चे देखने के साथ-साथ खुद भी वैज्ञानिक प्रयोग कर सकें।

About GE-Live

Check Also

अयोध्या में आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, 50 हजार से ज्यादा लोग रातभर अंधेरे में

Ayodhya में आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर से …