Breaking News

क्या वाकई टीम इंडिया के साथ हुई नाइंसाफी? लॉर्ड्स टेस्ट में अंपायरिंग को लेकर मचा विवाद, जानिए पूरी कहानी

 

IND vs ENG 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में चल रहे तीसरे टेस्ट के चौथे दिन यानी रविवार 13 जुलाई को एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने मैदान से ज्यादा टीवी स्क्रीन के सामने बैठे दर्शकों को हैरान कर दिया. मैच के दूसरे सेशन में टीम इंडिया की एक अपील पहले अंपायर ने नॉटआउट करार दे दिया और जब मामला DRS तक पहुंचा तो वहां भी फैसला इंग्लैंड के पक्ष में ही गया, लेकिन जो रिप्ले दिखा, उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या सचमुच भारत के साथ नाइंसाफी हो रही है?

क्या है पूरा मामला

ये घटना इंग्लैंड की दूसरी पारी के 38वें ओवर की है. गेंदबाजी कर रहे थे मोहम्मद सिराज और बल्लेबाज थे जो रूट. ओवर की तीसरी गेंद पर जो रूट ने कदमों का इस्तेमाल कर शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद सीधा जाकर उनके पैड पर लगी. इसके बाद सिराज ने जोरदार अपील की और जश्न मनाने लगे, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई अंपायर पॉल राइफल ने इसे नॉट आउट करार दिया. ऐसे में कप्तान शुभमन गिल ने तुरंत DRS लेने का फैसला किया.

DRS रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद स्टंप की लाइन में पैड पर लगी थी. यही देखकर टीम इंडिया को लगा कि फैसला उनके पक्ष में ही आएगा, लेकिन जब बॉल ट्रैकिंग आई, तो मामला पूरी तरह से बदल गया. बॉल ट्रैकिंग में गेंद लेग स्टंप के बाहरी हिस्से को छूती नजर आई, जिसके चलते इसे अंपायर कॉल घोषित कर दिया गया. क्योंकि मैदान पर अंपायर का फैसला पहले नॉट आउट था, इसलिए वही बरकरार रहा और जो रूट को एक जीवनदान मिल गया.

इस फैसले के बाद सिराज गुस्से में नजर आए और मैदान पर ही हाथ झटकते दिखे. कप्तान शुभमन गिल भी अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आए.

गावस्कर बोले, “ये हो ही नहीं सकता..”

स्टार स्पोर्ट्स की हिंदी कमेंट्री टीम में मौजूद सुनील गावस्कर इस फैसले पर जमकर भड़क गए. उन्होंने ऑन-एयर कहा, “ये हो ही नहीं सकता. जब बॉल का इम्पैक्ट स्टंप की लाइन में है तो गेंद इतनी बाहर कैसे जा सकती है?” उन्होंने बॉल ट्रैकिंग की सटीकता पर सवाल खड़े किए और DRS की तकनीक को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई.

हालांकि, जो रूट इस ‘जीवनदान’ का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके और थोड़ी देर बाद ही वह वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर बोल्ड हो गए, लेकिन जिस तरह से यह पूरा मामला सामने आया, उसने एक बार फिर DRS की सटीकता और अंपायरिंग पर बहस छेड़ दी है.

About GE-Live

Check Also

यशस्वी जायसवाल रणजी टीम से बाहर, KKR के अंगकृष रघुवंशी को मिला मौका; मुंबई के स्क्वॉड में दो बदलाव

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के आगामी मुकाबले से पहले मुंबई की टीम में बदलाव किए गए …